चलते ऑटो में पति ने दो साथियों के साथ मिलकर की पत्नी की हत्या
कानपुर
उत्तर प्रदेश के कानपुर में सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए युवक ने दो साथियों की मदद से चलते ऑटो में पत्नी की हत्या कर दी और शव को कोयला नगर एलीवेटेड हाईवे पर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी पति ने थाने में सरेंडर कर दिया। वहीं, पुलिस ने आरोपी के दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दंपति के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पत्नी ने हरजे खर्चे का केस दाखिल किया था जिसमें सोमवार को कोर्ट का निर्णय आना था। आरोपी का कहना था कि पत्नी उसे प्रताड़ित करती थी। पुलिस देर शाम तक छानबीन में जुटी थी।
डी ब्लॉक नया हनुमान मंदिर पनकी के पास रहने वाले ननके सिंह की बेटी ममता (32) की शादी 17 मई 2014 को मीरपुर कैंट निवासी धर्मेंद्र सिंह से हुई थी। शादी के दौरान धर्मेंद्र ने ममता को बताया था कि उसकी ट्रैवल एजेंसी है मगर बाद में पता चला कि वह किसी और की गाड़ी चलाता है। कुछ दोस्तों के साथ मिलकर ऑटो चलाने का काम भी करता था। इस पर ममता और धर्मेंद्र के बीच विवाद शुरू हो गया। ममता के पिता के मुताबिक बाद में पता चला कि धर्मेंद्र शराब का लती है। नशे में धुत होकर वह बेटी के साथ मारपीट करता रहा।
शादी के पांच महीने बाद ही ममता उसे छोड़कर मायके चली आई। यहां उसने बच्चे को जन्म दिया। ममता ने धर्मेंद्र के खिलाफ हरजे खर्चे का केस कोर्ट में डाला हुआ था जिसकी सुनवाई पर दोनों कोर्ट में मिलते थे और दोनों के बीच बातचीत भी होती थी। हरजे खर्चे के मामले में कोर्ट एक बार पहले घर और पांच लाख रुपए देने का आदेश कर चुका था। जिसकी फिर से अपील हुई थी इस पर कोर्ट को सोमवार को अपना निर्णय देना था जिसे लेकर धर्मेंद्र परेशान था।

पाठको की राय